G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

जिला अस्पताल में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर आयोजित, 32 मरीजों की हुई जांच, 4 में मिले संभावित लक्षण

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर हर माह हो रहा शिविर का आयोजन, बालको मेडिकल सेंटर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी जांच एवं परामर्श की सुविधा

कवर्धा। जिला अस्पताल कवर्धा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देशानुसार प्रतिमाह निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 नवंबर को बालको मेडिकल सेंटर, नया रायपुर के सहयोग से शिविर आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर में कुल 32 मरीजों की जांच की गई, जिनमें 5 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल थीं। जांच के दौरान 4 मरीजों में कैंसर के संभावित लक्षण पाए गए। इन मरीजों को आगे की आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से मरीज पहुंचे। इनमें कवर्धा से 20, पंडरिया से 7, बोड़ला से 4 और सहसपुर लोहारा से 1 मरीज शामिल रहे।

समय पर जांच और उपचार पर जोर

शिविर का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान कर संभावित मरीजों को बेहतर उपचार से जोड़ना रहा। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि शरीर में असामान्य गांठ, मुंह में लंबे समय तक छाले, लगातार खांसी, बिना कारण वजन कम होना या असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें।

जिला अस्पताल में नियमित रूप से आयोजित हो रहे इन निःशुल्क शिविरों से जिले के लोगों को कैंसर की शुरुआती पहचान और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page