निर्माण श्रमिकों के 7 हितग्राहियों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
18 से 30 वर्ष आयु के पात्र अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन, सीपेट रायपुर में 80 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा
कवर्धा। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना के तहत कबीरधाम जिले के 7 हितग्राहियों को रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जिला श्रम अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को सीपेट (सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी), रायपुर में असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोसेसिंग ट्रेड के तहत 480 घंटे यानी 80 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरी तरह आवासीय रहेगा तथा प्रशिक्षणार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्लास्टिक उत्पादों के विनिर्माण एवं प्रसंस्करण से संबंधित तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक कौशल सिखाया जाएगा। इसका उद्देश्य निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
ये हैं पात्रता की शर्तें
योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक होना अथवा किसी पात्र श्रमिक का आश्रित होना जरूरी है। प्रशिक्षण प्रारंभ होने की तिथि को आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता के तहत 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 9वीं उत्तीर्ण के साथ संबंधित कार्य में डेढ़ वर्ष का अनुभव अथवा 8वीं उत्तीर्ण के साथ संबंधित कार्य में तीन वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों के अनुसार पात्र होंगे।
ऑनलाइन पोर्टल से करें आवेदन
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी श्रम विभाग के ऑनलाइन पोर्टल shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों से योजना का लाभ उठाने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।




