ग्राम सड़क योजना के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने मुख्य अभियंता ने किया कबीरधाम का दौरा

लालपुर-तारों, बनिया-कारेसरा और जैतपुरी गौरव पथ मार्गों का किया निरीक्षण, ठेकेदारों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
हैवी ट्रैफिक से सड़क क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
कवर्धा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कबीरधाम जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति जांचने मुख्य अभियंता रायपुर वरुण राजपूत ने जिले का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लालपुर से तारों, बनिया से कारेसरा तथा जैतपुरी गौरव पथ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित तकनीकी मापदंडों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की समीक्षा
दौरे के बाद मुख्य अभियंता ने जिले के सभी संबंधित ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एसई पी. मोहन राव सोनी, ईई पटेल सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।
बैठक में लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही भारी वाहनों (हैवी ट्रैफिक) के कारण सड़कों को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
दिसंबर अंत या जनवरी तक काम पूरा करने का भरोसा
बैठक में संबंधित ठेकेदारों ने मुख्य अभियंता को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाकर सभी लंबित कार्य दिसंबर माह के अंत अथवा जनवरी तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएंगे।
विभाग द्वारा जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
