G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ प्रतियोगिता में युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश

‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ प्रतियोगिता में युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश

मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन, विजेता अब करेंगे राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व

कवर्धा। मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा वीर सावरकर भवन में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ विषय पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को समाज हित में सकारात्मक दिशा प्रदान करना था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा एवं शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अमन तिग्गा तथा विशिष्ट अतिथि शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा की प्राचार्य कामती सिंह परिहार थीं।

मुख्य अतिथि अमन तिग्गा ने युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं जागरूक बनने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी राज पटेल ने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मकता का उपयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा ही देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

प्रतियोगिता के अंतर्गत समूह नृत्य, समूह गायन, वाद-विवाद, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, स्लोगन लेखन, रील निर्माण एवं शॉर्ट फिल्म जैसी विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज का संदेश दिया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए विजेता

प्रतियोगिता के जिला स्तरीय विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कबीरधाम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। समूह गायन में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा, समूह नृत्य में शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा, नुक्कड़ नाटक एवं वाद-विवाद में पंकज धुर्वे, चित्रकला में आयुष सिंह चौधरी तथा स्लोगन लेखन, कविता पाठ एवं रील निर्माण में आयुष सिंह ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्राचार्य कामती सिंह परिहार ने युवाओं से केवल नशे से ही नहीं, बल्कि सभी प्रकार की बुरी आदतों, नकारात्मक प्रवृत्तियों और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना कबीरधाम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समाज कल्याण विभाग तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मेरा युवा भारत, कवर्धा ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page