G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त से बालोद की महिलाओं में खुशी

दैनिक जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और स्वरोजगार में मिल रहा आर्थिक संबल

रायपुर, 12 जुलाई। महतारी वंदन योजना के तहत 29वीं किस्त की राशि लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित होने के बाद बालोद जिले की महिलाओं में खुशी का माहौल है। महिलाओं ने योजना को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

बालोद जिले के विभिन्न गांवों की लाभार्थी महिलाओं ने बताया कि योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली सहायता राशि परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, घरेलू खर्च और छोटे-छोटे स्वरोजगार संबंधी कार्यों में आर्थिक सहयोग मिल रहा है। महिलाओं का कहना है कि इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी दिया है।

ग्राम बघमरा की देवकी विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें 29वीं किस्त की राशि प्राप्त हो चुकी है। वे इस राशि का उपयोग घर के दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों की खरीद तथा सिलाई-कढ़ाई के कार्यों में करती हैं।

ग्राम जगन्नाथपुर की जामवंती विश्वकर्मा ने कहा कि हर महीने मिलने वाली यह सहायता उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा बन गई है। वहीं ग्राम ओरमा की राधिका सोनवानी ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि से वे अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा कर पा रही हैं, जिससे परिवार को आर्थिक राहत मिली है।

लाभार्थी महिलाओं ने मोबाइल पर प्राप्त राशि का संदेश दिखाते हुए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और विपरीत परिस्थितियों में सम्मानपूर्वक जीवनयापन के लिए मजबूत आधार प्रदान कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page