महिलाओं को मिला उद्यमिता का पाठ, स्वरोजगार के लिए हुईं प्रेरित

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
पैलीमेटा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के तहत सीएसआईडीसी रायपुर एवं चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 5 जून से 18 जून 2026 तक उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना और स्वरोजगार के अवसर सृजित करना रहा।
प्रशिक्षण में 35 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान व्यवसाय योजना, एमएसएमई योजनाएं, वित्तीय प्रबंधन, ऋण सुविधाओं तथा स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं ने अचार, बड़ी, पापड़ एवं पारंपरिक छत्तीसगढ़ी खाद्य उत्पादों के निर्माण जैसे लघु उद्यमों में विशेष रुचि दिखाई।
समापन समारोह में फूड टेक्नोलॉजिस्ट सूर्यांश ताम्रकार ने महिलाओं को उद्यम स्थापना एवं सफल संचालन के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देते हुए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में अधिक प्रायोगिक सत्र शामिल करने की मांग की। कार्यक्रम के सफल संचालन में बीपीएम दीनानाथ लिल्हारे, बीपीएम नरेश कोमरे, एसी फिरदौस खान एवं पीआरपी मालती साहू का विशेष योगदान रहा। अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
