जादू-टोने के शक में ग्रामीण की हत्या, 3 गिरफ्तार; दो नाबालिग भी अभिरक्षा में

दशगात्र कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद, नाला की ओर ले जाकर लाठी-पत्थर से पीटा; पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
कुकदूर/कवर्धा। ग्राम कांदावानी में जादू-टोना करने के संदेह को लेकर हुए विवाद में एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। कुकदूर पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में संलिप्त दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी की लाठी, पत्थर समेत अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कांदावानी निवासी सवनीबाई बैगा ने 10 सितंबर को थाना कुकदूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को उनके दामाद चैतराम बैगा के दशगात्र कार्यक्रम के दौरान उनके पति रामसिंह बैगा के साथ गांव के कुछ लोगों का जादू-टोना करने के संदेह को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद रामसिंह को गांव के कुछ लोग नाला की ओर ले गए और वहां लाठी, पत्थर व हाथ-मुक्कों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही कुकदूर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाई गई। इसके बाद थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आई वारदात
पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी और पूछताछ के आधार पर महर सिंह बैगा, धनसू बैगा और जोगी बैगा को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रामसिंह को कथित तौर पर हत्या की नीयत से पकड़कर बरसाती नाले की ओर ले गए और वहां लाठी, पत्थर तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई, जिन्हें पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी, पत्थर और अन्य सामग्री जब्त की है।
तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- महर सिंह बैगा (24) पिता मोहन सिंह बैगा
- धनसू बैगा (21) पिता ज्ञान सिंह बैगा
- जोगी बैगा (21) पिता नन्दलाल बैगा
तीनों ग्राम कांदावानी, थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम के निवासी हैं।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में एएसआई सिवेंद उपाध्याय, प्रधान आरक्षक हिरेंद्र प्रताप, प्रधान आरक्षक संजू झारिया सहित आरक्षक अजयकांत तिवारी, अजय यादव, सुनील नायक, जांगड़े और प्रकाश सिंद्राम की भूमिका रही।

