सुकमा में ‘तेजस कार्यशाला’ का आयोजन, स्टार्टअप इंडिया से युवाओं को मिली उद्यमिता की नई राह

रायपुर, 4 जुलाई 2026। सुकमा जिले में युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के तत्वावधान में शबरी ऑडिटोरियम में एक दिवसीय ‘तेजस कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यशाला में लगभग 350 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य जिले में नवाचार, एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी), फूड प्रोसेसिंग और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों, एमएसएमई उद्यमियों, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर ने कहा कि जिले में कृषि, वनोपज, हस्तशिल्प और स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

स्टार्टअप शुरू करने की मिली जानकारी
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को डीपीआईआईटी मान्यता, स्टार्टअप पंजीयन प्रक्रिया, सफल व्यवसाय मॉडल, डिजिटल मार्केटिंग और बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। बैंक अधिकारियों और इन्क्यूबेशन सेंटर के विशेषज्ञों ने ऋण, वित्तीय सहायता, निवेश और व्यापार विस्तार की प्रक्रिया भी समझाई।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा नया बाजार
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रभारी महाप्रबंधक कैलाश कश्यप ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को कृषि, वनोपज, फूड प्रोसेसिंग और हस्तशिल्प आधारित उद्यमों से जोड़ना है, ताकि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिले और जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने इसे उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष हूँगा राम मरकाम, पार्षद रंजीत बारठ, पूर्व योग आयोग सदस्य राजेश नारा, लीड बैंक अधिकारी विकास कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विशेषज्ञ और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
