पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने ग्राम देवान पटपर की खेल समिति को क्रिकेट किट का वितरण किया

कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत क्रिकेट प्रतियोगिता को बढ़ावा
कवर्धा।पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कूकदूर थाना अंतर्गत ग्राम देवान पटपर की खेल समिति को क्रिकेट किट का वितरण किया गया। यह पहल सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम देवान पटपर में शीघ्र ही क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की टीमों की सहभागिता रही थी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क की भावना को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को सही मार्गदर्शन देना भी है। खेल गतिविधियाँ युवाओं को नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक घनाराम सिन्हा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।



