खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण, हर जिले में खेल आधारित अधोसंरचना होगी विकसित: मुख्यमंत्री

भोपाल। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को भोपाल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा युवा आयोग के सहयोग से सभी सांदीपनि विद्यालयों के निकट खेल परिसर विकसित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के पोषण, प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि ओलंपिक, एशियाई खेल (एशियाड) और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि, शासकीय सेवा में अवसर तथा अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही प्रदेश में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन खेल परिसरों में हेलीपैड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री युवा शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर भोपाल में नागरिकों और युवाओं की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन का विश्लेषण कर प्रत्येक जिले में जिस खेल की प्रतिभाएं अधिक हैं, उसी के अनुरूप खेल अधोसंरचना विकसित की जाए। साथ ही देश के उच्च गुणवत्ता वाले शासकीय एवं निजी खेल परिसरों को चिन्हित कर वहां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में कार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा और ओडिशा की तर्ज पर कॉरपोरेट सहयोग से खेल अधोसंरचना विकसित करने की पहल करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खेल विभाग में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) की स्थापना के निर्देश भी दिए।
