भानपुरी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत, नए स्कूल भवन का लोकार्पण

रायपुर, 1 जुलाई 2026। प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बस्तर जिले के भानपुरी में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दोनों जनप्रतिनिधियों ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों को स्कूल बैग सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई।
शिक्षा से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शिक्षा एक मजबूत और विकसित समाज की सबसे बड़ी आधारशिला है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना और विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभिभावकों से सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने तथा आधुनिक शिक्षा एवं तकनीक का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
1.12 करोड़ रुपये की लागत से बने नए स्कूल भवन का लोकार्पण
शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर ग्राम बनियागांव में 1 करोड़ 12 लाख 80 हजार रुपये की लागत से निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया गया। नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
स्मार्ट टीवी का वितरण, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालयों को डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट टीवी प्रदान किए गए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा सभी बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
बच्चों के साथ किया सहभोज
कार्यक्रम के समापन पर वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर सहभोज किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शाला प्रवेश उत्सव ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह का नया संदेश दिया।

