सुकमा में विकसित भारत जी-राम-जी (VBGRAM-G) अभियान की शुरुआत

ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति, 125 दिनों के रोजगार और बढ़ी मजदूरी का मिलेगा लाभ

रायपुर, 1 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुकमा जिले में विकसित भारत जी-राम-जी (VBGRAM-G) अभियान का शुभारंभ किया गया। शबरी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जिले के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कलेक्टर अमित कुमार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य “विकसित गांव से विकसित भारत” के संकल्प को साकार करना और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को नई गति देना है।
125 दिनों तक रोजगार की गारंटी
कार्यक्रम में योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि अब पात्र ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही योजना में बेरोजगारी भत्ता का भी प्रावधान किया गया है।
ग्रामीण श्रमिकों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए दैनिक मजदूरी 262 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी।
ग्रामीण विकास के कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
योजना के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका के नए अवसरों का सृजन, बाढ़ प्रबंधन तथा अन्य जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा।
ग्राम पंचायतों की होगी अहम भूमिका
अधिकारियों ने योजना के सफल संचालन के लिए ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी और जनसहभागिता पर बल दिया। उनका कहना था कि स्थानीय स्तर पर सहभागिता बढ़ने से गांवों का समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि 2 जुलाई 2026 को विकसित भारत जी-राम-जी (VBGRAM-G) योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ सुकमा जिले में भी जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा। यह अभियान ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


