राजनांदगांव को 43.61 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

15.92 करोड़ की लागत से बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम, रमन सिंह और अरुण साव ने किया भूमिपूजन

राजनांदगांव, 10 अगस्त 2026। राजनांदगांव शहर को 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 15 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से बनने वाला प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम प्रमुख है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि 2000 सीटर ऑडिटोरियम राजनांदगांव के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। इसमें बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं, पार्किंग, कॉरिडोर तथा करीब एक हजार लोगों के एक साथ भोजन की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था और पाइपलाइन विस्तार सहित 43 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 10 एमएलडी जल शोधन संयंत्र की आवश्यकता बताई। साथ ही गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के पीछे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए शेड तथा अतिरिक्त कक्ष बनाने का प्रस्ताव भी रखा।
वार्डों में सड़क, नाली और पेयजल के कार्य
विकास कार्यों के तहत 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट से 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपए की लागत से विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली एवं विद्युतीकरण के कार्य होंगे। अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से सड़क, नाली, मुक्तिधाम उन्नयन एवं सामुदायिक भवन निर्माण के कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 1 करोड़ रुपए से चार वार्डों में सड़क, नाली एवं सामुदायिक भवन निर्माण तथा 15वें वित्त आयोग के टाइड ग्रांट के पेयजल प्रबंधन घटक से 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपए की लागत से पाइपलाइन विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम में नागरिकों को 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।
दो वर्षों में निगम को मिले 267 करोड़
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पिछले दो वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राजनांदगांव नगर निगम को करीब 267 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने गांधी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक और नंदई चौक सहित प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रक्रियाधीन होने की जानकारी दी। रानी सागर एवं बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपए की योजना तैयार की गई है।
इसके अलावा जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 6.85 करोड़, आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सड़क निर्माण के लिए 6.90 करोड़ तथा बायपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 5.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति जल्द प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। मोहारा जल संयंत्र की री-मरम्मत के लिए 4 करोड़ तथा ढाबा, गौरीनगर और गोकुलनगर में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 12.61 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी शीघ्र दी जाएगी।
स्वच्छता में देश में नंबर वन बनाने का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री साव ने नागरिकों से घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा नालियों और सड़कों पर नहीं डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों और नगर निगम के सामूहिक प्रयास से राजनांदगांव को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाया जा सकता है।
रेलवे सुविधाओं का भी होगा विस्तार
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा राजनांदगांव के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाइन का कार्य चल रहा है और चौथी रेल लाइन भी चालू हो गई है। राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों को मॉडल एवं अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गौरीनगर एवं स्टेशन पारा अंडरब्रिज का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने तथा मोतीपुर अंडरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होने की जानकारी भी उन्होंने दी। डोंगरगढ़ से कटघोरा तक नई रेल लाइन की स्वीकृति दी गई है, जिसका जंक्शन डोंगरगढ़ होगा।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि शहर के सभी 51 वार्डों के संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर में 800 सीटर ऑडिटोरियम है, जबकि अब 15.92 करोड़ रुपए की लागत से 2000 सीटर ऑडिटोरियम बनने से बड़े आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




