पंडरिया विधानसभा में रिटर्निंग वॉल निर्माण पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग

https://youtube.com/shorts/0sb_XncJBdQ?si=-yG005Y9QXwj4lkX


https://youtube.com/shorts/bed3bs3ExL8?si=aGFz10s8VmOC_Tt0
कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अमली मालगी, जनपद पंचायत पंडरिया में निर्माणाधीन रिटर्निंग वॉल कार्य में फर्जीवाड़े और भारी अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। लगभग 19.35 लाख रुपए की लागत से हो रहे निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में नियमों और गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। मजदूरों से कार्य कराने के बजाय जेसीबी मशीन से खुदाई कराई गई, जबकि रिटर्निंग वॉल की निर्धारित ऊंचाई भी कम रखी गई है। आरोप यह भी है कि पहले से बनी पुरानी रिटर्निंग वॉल के ऊपर ही नई दीवार खड़ी कर दी गई, जिससे निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण स्थल पर बनी पचेरी की हालत भी खराब है और उसमें लगाए गए सरिए अभी से बाहर दिखाई देने लगे हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य उपयोग योग्य स्थिति में नहीं है, इसके बावजूद उसे पूर्ण दर्शाने की तैयारी चल रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह पहले पंडरिया कार्यक्रम अधिकारी को मौखिक शिकायत दी गई थी। उस दौरान सुधार का आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया गया, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। उल्टा कार्य को पूर्ण दिखाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सामने आए इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


