प्री बीएड एवं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 11 जून को

6 केंद्रों पर प्री-बीएड और 6 केंद्रों पर होगी बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा
सुबह 9.30 बजे बंद हो जाएगा प्रवेश द्वार, देर से पहुंचने वालों को नहीं मिलेगी अनुमति
ड्रेस कोड का करना होगा पालन, कई वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध, परीक्षार्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी
कवर्धा, 10 जून 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा प्री बी.एड. प्रवेश परीक्षा एवं बी.एस.सी.नर्सिंग प्रवेश परीक्षा का आयोजन 11 जून को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कबीरधाम जिले में प्री बी.एड. प्रवेश परीक्षा हेतु 06 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है, जिसमें 1892 अभ्यर्थी तथा बी.एस.सी.नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए भी 06 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है जिसमें 1375 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार दोनों परीक्षाओं के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें 3267 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दोनो परिक्षाओं के लिए बने परीक्षा केन्द्रों में एक-एक पर्यवेक्षक कलेक्टर कार्यालय की ओर से तथा एक-एक पर्यवेक्षक समन्वयक केन्द्र से नियुक्त किया गया है।परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन एवं अनैतिक कार्यो को रोकने के लिए उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है।प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों में आबंटित एक पुरूष एवं महिला पुलिस कर्मी से फ्रिस्किंग का कार्य किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिस कर्मी से ही कराया जाएगा।
परीक्षार्थियों को जारी दिशा निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटा पूर्व पहुंचे ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व प्रातः 9.30 बजे परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आए। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरुन, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा तभी परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति होगी। फुटवियर के रुप में केवल चप्पल पहने। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है।
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रानिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट ले और पेज के केवल एक तरफ प्रिंट करें, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा हेतु व्यापम की प्रति परीक्षा केन्द्र में जमा हो जाएगी। परीक्षार्थी को परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र के रुप में मतदाता पहचान पत्र, ड्रायविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, आधार कार्ड जिसमें अभ्यर्थी का फोटो हो, का एक मूल पहचान पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। फोटो कॉपी एवं अन्य साधनों में सुरक्षित पहचान पत्र मान्य नहीं है। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है, तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केन्द्र में आएं। परीक्षार्थी, परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बाल पॉइंट पेन को ही उत्तर अंकित करने हेतु उपयोग में लाएं। चयन/प्रवेश के समय प्रवेश पत्र मांगा जाता है, अतः इसे सुरक्षित रखें। व्यापम द्वारा दोबारा प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। निर्देशों का पालन ना करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जाएगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी तथा अभ्यर्थिंता समाप्त की जाएगी। प्रातः 9.30 बजे के बाद एवं मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही परीक्षार्थी मंडल द्वारा जारी प्रवेश पत्र में अंकित समस्त निर्देशों का अध्ययन कर लेें।
परीक्षा केंद्र – प्री बीएड
- शासकीय पी. जी. कॉलेज, कवर्धा
- शासकीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय, कवर्धा
- स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा
- स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दुर्गावती चौक, कवर्धा
- स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय, बस स्टैंड के पास, कवर्धा
- शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कचहरी पारा, कवर्धा
परीक्षा केंद्र- बीएससी नर्सिंग
- सरस्वती शिशु मंदिर, राजनांदगांव रोड, कवर्धा
- होली क्रॉस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोरमदेव रोड, कवर्धा
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शक्ति वार्ड, कवर्धा
- शासकीय हाई स्कूल, कैलाश नगर, कवर्धा
- गुरुकुल पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव रोड, कवर्धा
- अभ्युदय स्कूल, सरोधा नहर रोड, कवर्धा


