G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सकारात्मक विचार और श्रेष्ठ संगति ही जीवन की दिशा तय करते हैं: टंक राम वर्मा

सारंगढ़ के शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह, जनभागीदारी मद से निर्मित नवीन कक्ष का किया लोकार्पण

रायपुर, 10 अगस्त 2026। शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ के स्थापना दिवस समारोह में राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद, पठन-पाठन, कला, गायन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचार और श्रेष्ठ संगति ही व्यक्ति के जीवन की दिशा तय करते हैं।

मंत्री वर्मा ने कहा कि मनुष्य के विचार ही उसके जीवन में वास्तविक बदलाव लाते हैं और श्रेष्ठ विचारों का निर्माण अच्छी संगति से होता है। उन्होंने पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु द्रोणाचार्य के सानिध्य के बावजूद गलत संगति के कारण दुर्योधन का जीवन पतन की ओर चला गया। विद्यार्थियों को अच्छी संगति अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।

शिक्षा नीति से युवाओं को मिल रहे नए अवसर

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा और जिला विकास के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है। सारंगढ़ में ऑडिटोरियम निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।

सुराही का उदाहरण देकर समझाया सकारात्मक सोच का महत्व

मंत्री वर्मा ने सकारात्मक सोच का महत्व समझाने के लिए कुम्हार और मिट्टी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब कुम्हार ने चिलम बनाने के बजाय शीतल जल उपलब्ध कराने वाली सुराही बनाने का निर्णय लिया तो मिट्टी का रूप और उद्देश्य दोनों बदल गए। इसी तरह सकारात्मक विचार व्यक्ति के जीवन को संवारने के साथ समाज में भी शांति और सौहार्द का वातावरण पैदा करते हैं।

इस अवसर पर मंत्री ने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया तथा जनभागीदारी मद से निर्मित नवीन अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया।

सेमिनार हॉल और नए विषय शुरू करने की मांग

कार्यक्रम में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े ने नवीन कक्ष के निर्माण पर बधाई देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महाविद्यालय में सेमिनार हॉल निर्माण की मांग रखी।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने संस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए स्नातकोत्तर स्तर पर संस्कृत एवं गणित विषय प्रारंभ करने तथा सेमिनार हॉल की आवश्यकता से अवगत कराया।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, महाविद्यालय के प्राध्यापक, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page