G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

युवाओं के हित में बड़ा फैसला: पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख बदली

शिक्षक भर्ती परीक्षा से टकराव के चलते मुख्यमंत्री साय ने लिया संज्ञान, अब 2 से 4 नवंबर तक होगी परीक्षा

रायपुर, 10 अगस्त 2026। युवाओं के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशील पहल करते हुए सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तिथियों में बदलाव के निर्देश दिए हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियां टकराने से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को कराने का निर्णय लिया है।

इससे पहले मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं। इनमें 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित होने के कारण दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने एक परीक्षा छोड़ने की स्थिति बन रही थी।

पात्र युवाओं को अवसर से वंचित नहीं होने देंगे

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण कोई भी पात्र युवा अवसर से वंचित न रहे, यह सरकार की प्राथमिकता है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं, इसलिए उन्हें दो अवसरों में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।

आयोग जल्द जारी करेगा विस्तृत सूचना

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। आवेदन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारी के संबंध में आयोग द्वारा विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करने की सलाह दी गई है।

मुख्यमंत्री ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page