कार्यकर्ता संगठन का स्तम्भ, भाजपा विकसित राष्ट्र के संकल्प के साथ करती है कार्य : पवन साय


पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न

कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का बुधवार को विधिवत समापन हो गया। 19 से 20 मई तक जी-श्याम पैलेस में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा की वैचारिक कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया, सांस्कृतिक विरासत एवं कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ अवसर पर संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ता ही इसकी वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केवल संगठन का साधन नहीं, बल्कि विकसित राष्ट्र के संकल्प के वाहक के रूप में देखती है। राष्ट्र निर्माण में प्रशिक्षण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा अनुशासन, समन्वय और सुव्यवस्थित कार्यपद्धति ही संगठन को मजबूती प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसका संचालन आत्मीयता, पारिवारिक भाव एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से होता है। भाजपा की कार्यपद्धति कार्यकर्ता विकास, संगठन विस्तार एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना पर आधारित है।
प्रथम सत्र में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने प्रशिक्षण की उपादेयता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों में भाजपा की सफलता के पीछे प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा से जोड़ते हुए सही दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
द्वितीय सत्र में शताब्दी पांडेय ने भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित संगठन है।
तृतीय सत्र में प्रशिक्षण प्रभारी राजेंद्र वैष्णव ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं विरासत पर जानकारी दी। वहीं चतुर्थ सत्र में प्रमोद सिंह ने “बूथ जीते तो चुनाव जीते” विषय पर संगठन की मूल रणनीति समझाई।
पंचम सत्र में डॉ. अवधेश जैन ने संवैधानिक एवं वैचारिक अधिष्ठान तथा पंचनिष्ठा विषय पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। व्यवहारिक सत्र में कार्यकर्ताओं को समूहों में विभाजित कर विभिन्न विषयों पर चर्चा कराई गई। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने सोशल मीडिया एवं एआई टूल्स के प्रभावी उपयोग पर प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया।
आठवें सत्र में डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने सोशल मीडिया एवं एआई के महत्व पर चर्चा करते हुए नमो ऐप एवं सरल ऐप सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग की जानकारी दी। नवम सत्र में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने देश के समक्ष चुनौतियों और उनके समाधान पर विचार रखे तथा विकसित भारत के संकल्प को लेकर अपने विचार साझा किए।
समापन सत्र में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा सरकारें राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनसे अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता अनुशासित, समर्पित और क्रियाशील हैं तथा उन्हें और अधिक सशक्त बनाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं।
प्रशिक्षण महाअभियान में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी, परेटन वर्मा, जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, नितेश अग्रवाल, विदेशी राम धुर्वे सहित भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



