संयुक्त क्रू लॉबी, रायपुर में रनिंग स्टाफ एवं उनके परिवारजनों के लिए “पारिवारिक सुरक्षा संगोष्ठी” का आयोजन

स्वस्थ जीवनशैली, पारिवारिक सुरक्षा एवं सीपीआर प्रशिक्षण पर दिया गया विशेष मार्गदर्शन
रायपुर- 30 जुलाई, 2026 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा दिनांक 28 जुलाई 2026 को संयुक्त क्रू लॉबी, रायपुर में रनिंग स्टाफ (लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर एवं अन्य रनिंग कर्मचारियों) तथा उनके परिवारजनों के लिए "पारिवारिक सुरक्षा संगोष्ठी" का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य रनिंग स्टाफ को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना, परिवार की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रबंधन एवं जीवनरक्षक उपायों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. चंद्रकांत पटेल, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (ACMS/R) ने की। इस अवसर पर चिकित्सा विभाग, कार्मिक विभाग, संरक्षा विभाग, अभियांत्रिकी विभाग एवं विद्युत विभाग के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। संगोष्ठी के दौरान रनिंग स्टाफ के लिए स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। अनियमित ड्यूटी समय, कार्य के दौरान होने वाले तनाव एवं थकान से प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही कार्य एवं पारिवारिक जीवन के संतुलन (Work-Life Balance) बनाए रखने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर विशेष बल दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि बेहतर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य न केवल कर्मचारी की कार्यक्षमता बढ़ाता है, बल्कि सुरक्षित रेल संचालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंतर्गत सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) एवं आपातकालीन प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। डॉ. चंद्रकांत पटेल, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (ACMS/R) तथा श्रीमती यशस्वी, स्टाफ नर्स द्वारा वयस्क (Adult) एवं शिशु (Baby) मैनिकिन पर सीपीआर की सही तकनीक का चरणबद्ध प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान रनिंग स्टाफ एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सीपीआर तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास किया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान करने की उनकी क्षमता विकसित हो सके। संगोष्ठी में रनिंग स्टाफ एवं उनके परिवारजनों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। संवादात्मक सत्र एवं सीपीआर के लाइव प्रदर्शन को प्रतिभागियों ने अत्यंत रुचिपूर्वक देखा तथा इसकी सराहना की। प्रतिभागियों ने अपने विभिन्न प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान प्राप्त किया तथा रेलवे प्रशासन द्वारा आयोजित इस जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम की प्रशंसा की।



