G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को रेखांकित करेगी ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को रेखांकित करेगी ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला

रायपुर, 30 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर के विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में स्कूली विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन स्थलों और लोकजीवन को रचनात्मक ढंग से कार्टून कला के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान तथा विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा जैसी धरोहरें इस क्षेत्र की विशिष्ट पहचान हैं।

कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम का उद्देश्य बस्तर की सकारात्मक छवि को कार्टून कला के माध्यम से देशभर तक पहुंचाना है।

कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी तथा पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के जरिए विद्यार्थियों को ऑन-द-स्पॉट कार्टून और कैरिकेचर बनाने का प्रशिक्षण देंगे। साथ ही प्रतिभागियों को कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगारपरक पहलुओं से भी अवगत कराया जाएगा।

इस पहल से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं तथा प्राकृतिक धरोहर से रचनात्मक रूप से जुड़ सकेगी। ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान कला के माध्यम से बस्तर की सकारात्मक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page