छत्तीसगढ़ में आधुनिक विज्ञान अधोसंरचना को मिलेगी नई गति, साइंस सिटी और एआई गैलरी परियोजनाओं की समीक्षा

रायपुर, 31 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने की, जिसमें विभाग की प्रमुख परियोजनाओं और गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी, रीजनल साइंस सेंटर, विकसित की जा रही अत्याधुनिक एआई गैलरी तथा राज्य के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित साइंस पार्कों की स्थापना एवं विकास कार्यों की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों को आधुनिक, इंटरैक्टिव और अनुभवात्मक विज्ञान शिक्षा उपलब्ध कराना तथा समाज में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
समीक्षा बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान रायपुर में आयोजित होने वाले 22वें अखिल भारतीय विज्ञान संग्रहालय एवं विज्ञान केंद्र प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। यह सम्मेलन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (एनसीएसएम), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एनसीएसएम के साथ शीघ्र संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि आधुनिक विज्ञान अधोसंरचना के विकास के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित जनजागरूकता, नवाचार और एसटीईएम (STEM) शिक्षा को बढ़ावा देना राज्य की प्राथमिकता है।
बैठक में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST) तथा रीजनल साइंस सेंटर (RSC), रायपुर के वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।




