G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

रायपुर रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच अभियान, 235 मामलों से 2.02 लाख रुपये का राजस्व वसूल

रायपुर, 31 जुलाई 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट चेकिंग (फोर्ट्रेस चेक) अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर 30 जुलाई को आयोजित इस अभियान में स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 12 ट्रेनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान 235 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 2,02,345 रुपये का राजस्व वसूल किया।

टिकट जांच के दौरान 147 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे 1,55,540 रुपये वसूले गए। वहीं 64 यात्रियों को अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे 42,565 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 22 यात्रियों से अधिक सामान ले जाने पर 2,240 रुपये तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने के दो मामलों में 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना और रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करना था। अभियान का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में किया गया, जिसमें मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग) सहित 14 टिकट जांच कर्मचारी शामिल रहे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले उचित टिकट तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें। साथ ही रेल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। रेलवे ने बताया कि रेल परिसर में गंदगी फैलाने पर 1,000 रुपये से 5,000 रुपये तक जुर्माना या छह माह तक के कारावास का प्रावधान है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वाणिज्य विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने और टिकट रहित यात्रा पर रोक लगाने के लिए ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page