G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

नगरी को 2.76 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, मंत्री टंक राम वर्मा ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर, 31 जुलाई। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।

धमतरी जिले के नगरी नगर पंचायत में आयोजित समारोह में मंत्री श्री वर्मा ने 2 करोड़ 76 लाख 13 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने चौपाटी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, उज्ज्वला योजना, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाएं लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन, श्रेष्ठ संस्कार और निरंतर अध्ययन को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

विकास कार्यों के तहत 17.02 लाख रुपये की लागत से निर्मित चौपाटी दुकान सौंदर्यीकरण कार्य और 41.10 लाख रुपये की पानी टंकी का लोकार्पण किया गया। वहीं 57.36 लाख रुपये के एमआरएफ एवं कम्पोस्ट प्लांट, 19.89 लाख रुपये के क्रिकेट बॉक्स, 27.07 लाख रुपये के मुक्तिधाम विकास कार्य तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 1.14 करोड़ रुपये की लागत वाले 16 अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, पात्र परिवारों को राशन कार्ड तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि नगरी के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें आधुनिक लाइब्रेरी, बॉक्स क्रिकेट मैदान, सीसी सड़क और नाली निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं, जो नगरी को आधुनिक और सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक  श्रवण मरकाम,  पिंकी ध्रुव, जनपद पंचायत अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page