अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 12 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
कवर्धा, 02 जुलाई 2026। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन 3 जुलाई तक आमंत्रित किए गए थे, जिसे अब बढ़ाकर 12 जुलाई 2026 कर दिया गया है।
जिला श्रम अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा, जिनका मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से वैध पंजीयन हो तथा विद्यार्थी वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हों। पात्र विद्यार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाएगा।
चयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा के साथ आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
आवेदन श्रमेव जयते ऐप एवं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं। इसके अलावा श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर तथा श्रम पदाधिकारी कार्यालय, कबीरधाम में भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं।


