मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप के आवेदन की अंतिम तिथि 7 जुलाई तक बढ़ी
एम.टेक. (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में मिलेगा प्रवेश, हर माह ₹50 हजार फेलोशिप और पूरी ट्यूशन फीस देगी सरकार
रायपुर, 26 जून। मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के तहत एम.टेक. (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 जुलाई 2026 कर दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई निर्धारित थी।
यह पाठ्यक्रम नवा रायपुर स्थित IIIT-एनआर में संचालित होगा। चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 50 हजार रुपए की फेलोशिप दी जाएगी। साथ ही उनकी पूरी ट्यूशन फीस का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
फेलोशिप कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा के साथ राज्य शासन के विभिन्न विभागों की वास्तविक परियोजनाओं पर कार्य करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को डाटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और वे शासन की डिजिटल सेवाओं एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं से भी जुड़ सकेंगे।
छत्तीसगढ़ के मूल निवासी इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी IIIT-एनआर की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में 0771-2474048 एवं 0771-2474182 पर संपर्क किया जा सकता है।



