G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर कबीरधाम पुलिस का ‘एकता वृक्षारोपण’ अभियान, 300 पौधे लगाए

साप्ताहिक जनरल परेड के बाद पुलिस अधिकारियों, जवानों और विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

कवर्धा, 10 जुलाई। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर कबीरधाम पुलिस ने शुक्रवार को रक्षित केंद्र, न्यू पुलिस लाइन परिसर में ‘एकता वृक्षारोपण’ अभियान चलाकर 300 पौधों का रोपण किया। अभियान में पुलिस अधिकारियों, जवानों के साथ एनसीसी और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

इससे पहले प्रत्येक शुक्रवार की तरह साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया, जिसकी सलामी पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर अधिकारियों और जवानों की वर्दी, अनुशासन, शारीरिक दक्षता तथा कार्यकुशलता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, समयपालन, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

जनरल परेड के बाद आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी 150वीं जयंती पर लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि वृक्ष लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे अधिक आवश्यक उसका संरक्षण करना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो हरित और स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने सभी से वृक्षारोपण को एक दिन का कार्यक्रम न मानकर जनभागीदारी का सतत अभियान बनाने की अपील की।

अधिकारियों और विद्यार्थियों ने लिया संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) कृष्ण कुमार चंद्राकर, एसडीओपी भूपत सिंह धनेश्वरी, रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा एनसीसी और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कबीरधाम पुलिस का यह अभियान सरदार पटेल की जयंती पर पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और जनसहभागिता का प्रेरक संदेश देने वाला आयोजन रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page