G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

10 हजार कांवड़ियों के साथ 23 अगस्त को निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा

राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष आयोजन, देशभर की धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण

रायपुर। राजधानी में 23 अगस्त को शिवभक्ति का विराट जनसैलाब देखने को मिलेगा। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सुबह 9 बजे गुढ़ियारी के मारुति मंगलम से शुरू होकर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां करीब 10 हजार कांवड़िए जलाभिषेक करेंगे।

यात्रा से पहले सुबह 8 बजे मारुति मंगलम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दिव्य शिवाभिषेक होगा। इसके बाद कांवड़िए ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ यात्रा के लिए रवाना होंगे। श्रद्धालु एक समान परिधान में अनुशासित तरीके से शामिल होंगे।

500 वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए करीब 500 वालंटियर व्यवस्था संभालेंगे। यात्रा संचालन, अनुशासन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा रायपुर शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों की आयोजन में सहभागिता रहेगी।

कई राज्यों के कलाकार दिखाएंगे संस्कृति की झलक

कांवड़ यात्रा में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, उज्जैन सहित कई राज्यों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक दल शामिल होंगे। महाकाल-अघोरी टीम, महाकाली टीम, विशाल नंदी, केरल का भारतनाट्यम, पारंपरिक बैंड, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी और नागपुर ढोल प्रमुख आकर्षण होंगे। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के लोक कलाकार और धुमाल दल भी प्रस्तुति देंगे।

धार्मिक झांकियां रहेंगी आकर्षण

यात्रा में शिव परिवार, राम-सीता दरबार, हनुमान वानर सेना, बाहुबली हनुमान, परशुराम, जामवंत, गणेश, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल सहित अनेक जीवंत झांकियां शामिल होंगी। 11 घोड़े, दो बग्घियां, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी यात्रा का आकर्षण रहेंगी।

आठ साल से हो रहा आयोजन

राजेश मूणत ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में रायपुर की जनता और शिवभक्तों ने कांवड़ यात्रा को जिस आत्मीयता से अपनाया है, उससे यह आयोजन विराट धार्मिक जनउत्सव बन गया है। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को हजारों शिवभक्तों के एक साथ कांवड़ लेकर निकलने से राजधानी का वातावरण शिवमय होगा।

बैठक में भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, विधायक सुनील सोनी, छगन मूंदड़ा, महापौर मीनल चौबे सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।

23 अगस्त की सुबह मारुति मंगलम से शुरू होने वाली यात्रा बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page