गुरु बालदास साहेब के सानिध्य में भण्डारपुरी धाम में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई गुरु अमरदास बाबा जयंती एवं गुरु पूर्णिमा

भण्डारपुरी, 29 जुलाई। पवित्र भण्डारपुरी धाम स्थित गुरुद्वारा में गुरु पूर्णिमा महापर्व, गुरु अमरदास बाबा जयंती एवं चौका मंगल भजन का आयोजन श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम समाज के आदेशक, निर्देशक एवं मार्गदर्शक राजागुरु एवं धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महंत और समाजजन शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ शासन के अनुसूचित जाति विकास, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गुरुगद्दी की विधिवत पूजा-अर्चना कर गुरु घासीदास बाबा एवं गुरु अमरदास बाबा को नमन किया। उन्होंने समस्त मानव समाज के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसादी का वितरण भी किया।

राजागुरु एवं धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब ने अपने आशीर्वचन में कहा कि गुरु घासीदास बाबा का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश मानवता, समानता, सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता का आधार है। उन्होंने समाज के लोगों से गुरु परंपरा के आदर्शों को अपनाकर प्रेम, भाईचारे और सेवा भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भण्डारपुरी धाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, आध्यात्मिक ऊर्जा और मानवता की प्रेरणा का प्रतीक है। गुरु पूर्णिमा का पर्व सभी को गुरुजनों के बताए सत्य, सेवा, समरसता और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में गुरु माता प्रवीण माता जी, सतधारी गुरु सोमेश बाबा जी, जिला पंचायत सभापति गुरु सौरभ साहेब जी, गुरु परिवार के सदस्य, दिवान परिवार, राजमहंत, जिलामहंत, सेक्टरमहंत, भंडारी, छड़ीदार, अखिल भारतीय सतनाम सेना (छत्तीसगढ़) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, सतनाम आध्यात्मिक शक्ति परिवार, संत समाज सहित प्रदेशभर से आए श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गुरु वंदना, मंगल भजन एवं प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे भण्डारपुरी धाम में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का वातावरण बना रहा।


