G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKCGखास-खबर

सुशासन तिहार–2026: 1 मई से शुरू, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर रहेगा फोकस

खैरागढ़ :जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि सुशासन तिहार–2026 का आयोजन 1 मई से 10 जून 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जाएगी।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जानकारी दी कि 30 अप्रैल को जिले की 221 ग्राम पंचायतों एवं 3 नगरीय निकायों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन प्राप्त करने हेतु शिविर लगाए गए। इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों को विभागवार दर्ज कर आगे निराकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

तिहार के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 13 और शहरी क्षेत्रों में 6 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक शिविर के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का एक माह के भीतर निराकरण कर आवेदकों को सूचित किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि तिहार की अवधि में मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री एवं राज्य स्तरीय अधिकारियों का औचक निरीक्षण संभावित है। इसके साथ ही जिला स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष प्राप्त 96,582 आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सुशासन तिहार से संबंधित सभी जानकारी एनआईसी द्वारा विकसित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी। प्रत्येक आवेदन को एक विशिष्ट क्रमांक प्रदान कर आवेदकों को पावती दी जाएगी, जिससे वे अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकें।

जनभागीदारी बढ़ाने के लिए शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों—प्रभारी मंत्री, सांसद एवं विधायक—को भी सभी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री स्तर की समीक्षा के निर्देशों के अनुरूप जिला स्तर पर नियमित अनुश्रवण और प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

जनगणना-2027 की तैयारियां भी तेज

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनगणना-2027 की तैयारियों के संबंध में बताया गया कि जिले में 813 मकानसूचीकरण ब्लॉकों का गठन कर सीमांकन की जांच पूरी कर ली गई है। 696 प्रगणक और 117 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देकर नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं, साथ ही अतिरिक्त रिजर्व स्टाफ की भी व्यवस्था की गई है।

कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने बताया कि हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों की पहचान, लेआउट मैप और मोबाइल ऐप डाउनलोड की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जनजागरूकता के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है तथा एनआईसी के तकनीकी सहयोग से कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग और गुणवत्ता जांच की जा रही है।

कुल मिलाकर, सुशासन तिहार–2026 को प्रशासन द्वारा पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित सेवा वितरण के बड़े अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page