G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

मन की बात में छत्तीसगढ़ की गूंज, मुख्यमंत्री साय बोले— प्रदेश के लिए गर्व का विषय

मन की बात में छत्तीसगढ़ की गूंज, मुख्यमंत्री साय बोले— प्रदेश के लिए गर्व का विषय

कोरबा के जल संरक्षण मॉडल की प्रधानमंत्री ने की सराहना, ‘हर घर तिरंगा’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रायपुर, 26 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और नवाचारों का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों, संस्थाओं और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि हर माह देशभर के लोग इस कार्यक्रम का उत्सुकता से इंतजार करते हैं।

कोरबा के जल संरक्षण कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के लिए किए जा रहे नवाचारों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरबा में भू-स्थानिक मैपिंग, शैलो एक्विफर मैनेजमेंट, रिचार्ज वेल और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण का उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में जल संकट से निपटने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, तालाबों के संरक्षण और वृक्षारोपण को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

छत्तीसगढ़ को मिल रही राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री ने मल्हार की पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम सहित कई अवसरों पर छत्तीसगढ़ की विशेषताओं का उल्लेख कर राज्य को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। इससे प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ा है और छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल को देशभर में नई पहचान मिली है।

कारगिल के वीरों को नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर जवानों का साहस और सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

‘हर घर तिरंगा’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर और प्रतिष्ठान पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करे।

उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ संदेश का समर्थन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के कोसा, बेलमेटल, बांस शिल्प, माटी कला, हथकरघा उत्पाद और वन उत्पादों को अपनाना स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को मजबूत करेगा।

मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं अपनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने आगामी गणेशोत्सव के अवसर पर मिट्टी से बनी पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमाओं के उपयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय कुम्हारों और शिल्पकारों को रोजगार मिलेगा तथा जल स्रोतों को रासायनिक प्रदूषण से भी बचाया जा सकेगा।

युवाओं की उपलब्धियों पर जताया गर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों की सराहना की है। राज्य सरकार भी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, खेल सुविधाएं और नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page