G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण, सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर होगा नामकरण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की घोषणा, परिसर में लगेगी 15 फीट ऊंची प्रतिमा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को रायपुर के डुमरतराई स्थित छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि परिसर का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर किया जाएगा तथा यहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनके नाम पर इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि व्यापार और रोजगार एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना विकसित होती है, वहां आर्थिक गतिविधियां तेज होती हैं, निवेश बढ़ता है और रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। डुमरतराई का यह आधुनिक थोक बाजार रायपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति देने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से लगे लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात प्रबंधन तथा आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह परियोजना व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के साथ-साथ ‘ईज ऑफ लिविंग’ को भी प्राथमिकता दे रही है। व्यापार, उद्योग और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं, जिनका सकारात्मक असर प्रदेश की आर्थिक प्रगति पर दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि अधोसंरचना विकास की बड़ी परियोजनाओं को भी सफलतापूर्वक पूरा कर रहा है। मंडल की नई कार्यशैली और बेहतर प्रबंधन विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को गति प्रदान करेगा।

इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापारिक अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की परिकल्पना की गई थी, वह अब मूर्त रूप ले चुकी है। इससे व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होगी।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि नवीन थोक बाजार गुणवत्ता, नवाचार और जनसेवा के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह परियोजना प्रदेश में व्यापार, निवेश, रोजगार सृजन और समग्र आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।

कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि डुमरतराई थोक बाजार का विकास दो चरणों में किया गया है। पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें एवं हॉल बनाए गए, जबकि दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया। दोनों चरणों के पूर्ण होने के साथ प्रदेश को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त थोक व्यापारिक परिसर की सौगात मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page