मोदकपाल कोसा बीज केंद्र से 5,700 तसर डिम्ब समूहों का वितरण, किसानों को 79,800 रुपये की सब्सिडी

रायपुर, 6 जुलाई 2026। राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बीजापुर जिले के कोसा बीज केंद्र, मोदकपाल में तसर पालन को बढ़ावा देने के लिए 5,700 स्वस्थ तसर डिम्ब समूह हितग्राहियों को वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोगों की आय बढ़ाना तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना है।

वितरित डिम्ब समूहों की कुल लागत 91,200 रुपये रही, जिसमें राज्य शासन ने 79,800 रुपये की सब्सिडी प्रदान की। हितग्राहियों को केवल 11,400 रुपये का अंशदान देना पड़ा, जिससे उन्हें कम लागत में गुणवत्तायुक्त तसर बीज उपलब्ध हो सके।
रेशम विभाग के अनुसार, इन स्वस्थ डिम्ब समूहों से लगभग 2 लाख तसर कोसों का उत्पादन होने की संभावना है। इससे हितग्राहियों की आय बढ़ने के साथ जिले में तसर उत्पादन को भी नई गति मिलेगी।
विभाग ने बताया कि अनुदान आधारित योजनाओं के माध्यम से गुणवत्तायुक्त तसर बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग भी दिया जा रहा है। इससे वैज्ञानिक तरीके से तसर पालन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।


