G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

हाथियों की निगरानी एवं जनसुरक्षा के लिए वन विभाग अलर्ट, संभावित विचरण क्षेत्रों में बढ़ाई गई सतर्कता

कवर्धा।वनमंडल कवर्धा अंतर्गत हाथियों के संभावित विचरण वाले क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा निगरानी, रात्रिकालीन गश्ती एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं। हाथियों की गतिविधियों पर सतत नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुँचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए वन अमले की विशेष टीम गठित की गई है।

जनप्रतिनिधियों एवं सरपंचों के माध्यम से ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक

वन विभाग द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम पंचायतों के सरपंचों के सहयोग से ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा आवश्यक सावधानियाँ बरतने के संबंध में समझाइश दी जा रही है। विशेष रूप से ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि रात्रि के समय जंगलों में जाने से बचें तथा हाथियों की संभावित उपस्थिति वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें।

मुनादी, व्हाट्सऐप संदेश एवं मीडिया के माध्यम से सतर्कता का प्रसार

हाथियों के संभावित विचरण वाले ग्रामों में मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों तक सतर्कता संबंधी सूचनाएँ पहुँचाई जा रही हैं। इसके साथ ही व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से समय-समय पर आवश्यक संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी जनसामान्य को हाथियों से बचाव एवं सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी जा रही है।

इन ग्रामों एवं आसपास के क्षेत्रों में वन अमला सतर्क

वनमंडल कवर्धा अंतर्गत बनंगौरा, भुरसी पकरी, सुकझर, दलदली, दरई, कुरकी, अंधरीकछार, मुकाम, बाघमाड़ा, हड़ही, केशमर्दा, बाकी, पीपरखुटा, साजाटोला, गढ़ीदादर, सलेरीदादर, चेन्द्रदादर, धनवाही, मुरता, कोयलारी एवं मोधियातपथरा सहित आसपास के क्षेत्रों में वन अमले द्वारा सतत निगरानी एवं गश्ती की जा रही है।

वन विभाग की ग्रामीणों से अपील

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि हाथियों के दिखाई देने पर उनके पास जाने, फोटो या वीडियो बनाने के लिए नजदीक पहुँचने अथवा भीड़ एकत्रित करने से बचें। हाथियों को भगाने, खदेड़ने या किसी भी प्रकार से परेशान करने का प्रयास न करें। हाथियों की उपस्थिति अथवा उनकी गतिविधियों की जानकारी तत्काल निकटतम वन अधिकारी या वन कर्मचारी को दें। ग्रामीण स्वयं एवं अपने परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

वन विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा मानव-हाथी द्वंद्व की आशंका को कम करने एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page