चरण पादुका योजना के टेंडर पर हाईकोर्ट के फैसले को लेकर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला

रायपुर, 3 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता नितिन भंसाली ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए चरण पादुका योजना के तहत जारी टेंडर को उच्च न्यायालय द्वारा निरस्त किए जाने के बाद भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस ने दावा किया कि उच्च न्यायालय ने टेंडर प्रक्रिया में शामिल कुछ शर्तों को पारदर्शिता और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के अनुरूप नहीं माना तथा 12 लाख 40 हजार जोड़ी कैनवास जूतों की खरीद से जुड़े लगभग 50 करोड़ रुपये के टेंडर को निरस्त कर दिया।
नितिन भंसाली ने आरोप लगाया कि टेंडर की शर्तों में बदलाव कर एक विशेष कंपनी को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल टेंडर निरस्त होने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कथित भ्रष्टाचार और खरीद प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आदिवासी हितों की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को बंद करने के बाद अब चरण पादुका योजना की खरीद प्रक्रिया भी विवादों में आ गई है।
भंसाली ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने शुरुआत से ही इस टेंडर का विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष वितरित की गई चरण पादुकाओं की गुणवत्ता और आकार को लेकर भी शिकायतें सामने आई थीं।



