कलेक्टर की सख्ती: योजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समय में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर
खैरागढ़ : जिले में चल रहे विकास कार्यों और शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
बैठक में समग्र शिक्षा अंतर्गत लंबित एवं अप्रारंभ कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा में पूर्ण किया जाए। स्वास्थ्य से जुड़े आयुष्मान, आभा और वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति पर भी उन्होंने संतोषजनक गति लाने के निर्देश देते हुए पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
इसके साथ ही जल संरक्षण के तहत संचालित “कैच द रेन” अभियान, पीएम सूर्यघर योजना में सोलर संयंत्रों की स्थापना तथा धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निष्क्रिय और डिफॉल्ट खातों को सक्रिय कर नियमानुसार संबंधित राशि शासन के खाते में जमा कराई जाए।
बैठक में बताया गया कि कि चिखलदाह में केमिकल डिजास्टर से निपटने के लिए मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। साथ ही नियद नेल्लानार योजना 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन, राजस्व मामलों के शीघ्र निराकरण और iGOT प्लेटफॉर्म पर अधिकारियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी आवासों का निर्माण तय समय-सीमा में पूरा हो, इसके लिए नियमित निगरानी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को समय पर सामग्री और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जनगणना की तैयारियों को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने और कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज सहित जिले के सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


