कलेक्टर गोपाल वर्मा ने स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण
कक्षा पांचवीं में विद्यार्थियों से पूछे पाठ से जुड़े सवाल, शिक्षकों को सीख आधारित शिक्षण पर दिया जोर
कवर्धा, 20 जुलाई 2026। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज राजानवागांव स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम, संचालन समय, शिक्षकों की उपस्थिति तथा विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई-लिखाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा कक्षा पांचवीं में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उस समय हिंदी विषय का पाठ ‘चित्रकार मोर’ पढ़ाया जा रहा था। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ की कहानी और उसके संदेश से जुड़े सवाल पूछे। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक पाठ केवल पढ़ने के लिए नहीं होता, बल्कि उससे कोई न कोई सीख अवश्य मिलती है।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि अध्याय पूरा कराने के बाद विद्यार्थियों से यह जरूर पूछें कि उन्होंने उस पाठ से क्या सीखा। इसके बाद शिक्षक स्वयं भी पाठ की मुख्य सीख को बच्चों को समझाएं। इससे विद्यार्थियों की समझ और सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और नियमित उपलब्धता के बारे में पूछा। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें मध्यान्ह भोजन में दाल, चावल एवं सब्जी परोसी गई थी, जिसका उन्होंने भोजन अवकाश के दौरान सेवन किया है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बच्चों को प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी आनंद तिवारी उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने ग्राम छपरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी दैनिक शैक्षणिक एवं खेल आधारित गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी सीखने की गतिविधियों के बारे में बताया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को दिए जाने वाले गर्म भोजन की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में पूछा। इसके बाद कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र के किचन का निरीक्षण कर साफ-सफाई, भोजन तैयार करने की व्यवस्था और पोषण संबंधी मानकों का अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों को समय पर स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा केंद्र में संचालित सभी गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में उपलब्ध खाली स्थान का उपयोग करते हुए पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए।
