जन्मदिन पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुखबधिर विद्यालय पहुंचकर बच्चों संग बांटी खुशियां

श्रवण एवं दृष्टिबाधित विद्यार्थियों से की आत्मीय मुलाकात, बांटे उपहार
बच्चों ने स्वागत गीत से किया अभिनंदन

कवर्धा, 20 जुलाई 2026। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय, सिंघनपुरी पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ स्नेहपूर्ण समय बिताया। इस दौरान विद्यालय परिवार और बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपहार स्वरूप पानी की थर्मस बोतलें वितरित कीं। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के प्रति निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। उन्होंने विद्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जरूरत के अनुसार भवन संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
विद्यालय प्रबंधन ने उप मुख्यमंत्री की इस आत्मीय और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके आगमन से बच्चों में उत्साह बढ़ा और उन्हें विशेष अपनापन महसूस हुआ।



