भोरमदेव धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भगवान भोलेनाथ का किया पूजन

भोरमदेव धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भगवान भोलेनाथ का किया पूजन
प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना, 30 जुलाई को कांवड़ यात्रियों पर करेंगे पुष्पवर्षा
कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ विश्वप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर की परिक्रमा कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित पंच दिवसीय महा चतुर शुद्धि सहस्र कलशम् महाअनुष्ठान में भी सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर उन्होंने प्रदेश की उन्नति, सामाजिक सद्भाव और लोकमंगल की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भोरमदेव धाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के महाअनुष्ठान हमारी प्राचीन वैदिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को भी मजबूत करते हैं।
श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों का करेंगे स्वागत
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 30 जुलाई से भगवान शिव की आराधना का पावन श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ भोरमदेव धाम पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति और आस्था की जीवंत परंपरा का प्रतीक है तथा इस वर्ष भी वे स्वयं भोरमदेव धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत करेंगे।
25 जुलाई से जारी है पंच दिवसीय महाअनुष्ठान
उल्लेखनीय है कि श्री महादिव्य देशम फाउंडेशन के तत्वावधान में 25 जुलाई से प्रारंभ पंच दिवसीय महा चतुर शुद्धि सहस्र कलशम् महाअनुष्ठान का आयोजन कबीरधाम सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं आध्यात्मिक कल्याण की भावना से किया जा रहा है। फाउंडेशन के प्रमुख राजीव राकुल स्वामी (केरल) के अनुसार यह अनुष्ठान प्राण-प्रतिष्ठित मंदिरों के शुद्धिकरण एवं दिव्य ऊर्जा के पुनर्संचार की प्राचीन वैदिक परंपरा पर आधारित है, जिसे भगवान परशुराम स्रोतम एवं आगम शास्त्रों में वर्णित विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू, मनीराम साहू, आईजी अजय यादव, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वैदिक आचार्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



