पुणे रोड शो से छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिली नई पहचान, राष्ट्रीय बाजार में बढ़ी पहुंच

चित्रकोट, कांगेर घाटी, सिरपुर और भोरमदेव की खूबसूरती से रूबरू हुए महाराष्ट्र के पर्यटन कारोबारी

रायपुर, 2 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में शामिल करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने फिक्की के सहयोग से पुणे में पर्यटन रोड शो का आयोजन किया। इस आयोजन के माध्यम से राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, वन्यजीव, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय पर्यटन बाजार के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोड शो का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र सहित देश के प्रमुख पर्यटन बाजारों से जोड़ना, निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना और पर्यटन आधारित रोजगार के अवसरों को विस्तार देना रहा।
पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों ने दिखाई रुचि
पुणे में आयोजित रोड शो में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंट, होटल व्यवसायी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बी-टू-बी बैठकों के दौरान दोनों राज्यों के पर्यटन उद्योग के बीच नए पर्यटन पैकेज, निवेश, प्रचार-प्रसार और व्यावसायिक सहयोग को लेकर चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि राज्य को देश के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में स्थापित करना पर्यटन मंडल की प्राथमिकता है। उन्होंने पर्यटन कारोबारियों से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने में सहयोग का आह्वान किया।
बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित हो रहे पर्यटन स्थल
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने कहा कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई नवाचार किए जा रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के ट्रैवल ट्रेड प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ के पर्यटन सर्किटों के प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की।
छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह भाटिया ने कहा कि ऐसे आयोजनों से राज्य की समृद्ध विरासत, वन्यजीव, जनजातीय संस्कृति और आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है।
चित्रकोट और भोरमदेव सहित प्रमुख स्थलों की दी जानकारी
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे चित्रकोट जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर और भोरमदेव मंदिर की विशेषताओं की जानकारी दी गई। साथ ही राज्य की लोककला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत से परिचित कराया।
आठ शहरों में होंगे पर्यटन रोड शो
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में राज्य की पहचान मजबूत करने के लिए देश के प्रमुख शहरों में कुल आठ पर्यटन रोड शो आयोजित किए जा रहे हैं। पुणे इस श्रृंखला का तीसरा आयोजन रहा। इससे पहले दिल्ली और भुवनेश्वर में भी रोड शो आयोजित किए जा चुके हैं।
राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को प्रकृति, संस्कृति, विरासत, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। पुणे रोड शो इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।

