G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

छत्तीसगढ़ पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति, पर्यटन मंडल की 38वीं संचालक मंडल बैठक में बनी रणनीति

पर्यटन योजनाओं की समीक्षा, अधोसंरचना, निवेश और प्रचार-प्रसार को लेकर बना रोडमैप

रायपुर, 20 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की 38वीं संचालक मंडल बैठक सोमवार को रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड मुख्यालय में आयोजित हुई। बैठक में पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास, वर्तमान योजनाओं की प्रगति, नई पर्यटन पहलों और आगामी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों को प्रदेश के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने की। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन (भा.प्र.से.), टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य (भा.व.से.), अवर सचिव श्रीमती रुचि शर्मा, उपमहाप्रबंधक श्रीमती पूनम शर्मा, संस्कृति विभाग के संचालक श्री संजय कन्नौजे सहित विभिन्न विभागों के शासकीय सदस्य और पर्यटन मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण और हरित पहल के संकल्प से हुई। प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा और पर्यटन सचिव डॉ. एस. भारतीदासन को पौधा भेंट किया, जबकि उपमहाप्रबंधक श्रीमती पूनम शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया।

बैठक में पर्यटन मंडल द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। परियोजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, पर्यटन अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार तथा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक और सुविधायुक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

इसके अलावा आगामी पर्यटन कार्यक्रमों, प्रचार-प्रसार रणनीति, निवेश की संभावनाओं तथा पर्यटन को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और जनजातीय पर्यटन संपदा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर सहमति बनी।

संचालक मंडल ने पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में लिए गए निर्णयों के माध्यम से पर्यटन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने और छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में स्थापित करने की रणनीति तय की गई।

बैठक के अंत में संचालक मंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि इन निर्णयों से प्रदेश की पर्यटन पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page