पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना से ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा छत्तीसगढ़
राजनांदगांव में 4,120 घरों में लगे रूफटॉप सोलर संयंत्र, 1,155 परिवारों का बिजली बिल हुआ शून्य
रायपुर, 20 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ ही आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण राजनांदगांव जिला प्रदेश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
जिले में अब तक योजना के तहत 8,256 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 4,120 हितग्राहियों के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। शेष आवेदनों में दस्तावेजों का सत्यापन, संयंत्र स्थापना और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।
योजना के अंतर्गत अब तक 3,205 हितग्राहियों को शासन की ओर से सब्सिडी का लाभ मिल चुका है। वहीं 1,155 परिवारों का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। ये परिवार अब अपनी जरूरत के अनुसार सौर ऊर्जा का उपयोग कर बिजली खर्च में उल्लेखनीय बचत कर रहे हैं। कई हितग्राही अतिरिक्त उत्पादित बिजली को विद्युत ग्रिड में भेजकर ऊर्जा उत्पादन में भी योगदान दे रहे हैं।
योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले की सभी जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से ‘पीएम सूर्य सभा’ आयोजित की जा रही है। इन सभाओं में नागरिकों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, सब्सिडी और रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापना की पूरी जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदन भी मौके पर ही स्वीकार किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। योजना का उद्देश्य घरेलू बिजली व्यय कम करना, स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना तथा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करना है।
राजनांदगांव की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि प्रभावी जनजागरूकता, समयबद्ध क्रियान्वयन और हितग्राही-केंद्रित प्रयासों से प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में ऊर्जा क्रांति की मजबूत आधारशिला बन रही है।


