G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

वनांचल में कांवड़ियों को बड़ी राहत, लमनी और खुड़िया में बने आधुनिक प्रतीक्षालय शेड

20-20 लाख रुपए की लागत से तैयार हुए सुविधायुक्त पड़ाव, सोलर ऊर्जा से रोशन होंगे विश्राम स्थल

रायपुर/कवर्धा, 27 जुलाई 2026। श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अमरकंटक से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर पैदल कांवड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इस बार बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा की पहल पर वनांचल क्षेत्र के ग्राम लमनी और खुड़िया में 20-20 लाख रुपए की लागत से आधुनिक प्रतीक्षालय शेड तैयार किए गए हैं।

इन प्रतीक्षालयों में श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम, भोजन बनाने, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। वर्षों से जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले कांवड़ियों को विश्राम एवं सुरक्षा की समस्या का सामना करना पड़ता था, जिसका अब स्थायी समाधान हो गया है।

लमनी में पहला सुरक्षित पड़ाव, सोलर ऊर्जा से मिलेगी रोशनी

कांवड़ यात्रा मार्ग पर ग्राम लमनी पहला प्रमुख पड़ाव माना जाता है। यहां पहले श्रद्धालुओं को खुले स्थानों पर रात्रि विश्राम करना पड़ता था। बारिश, अंधेरा और वन क्षेत्र के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती थी।

अब लमनी बैरियर के समीप बने नए प्रतीक्षालय शेड में सुरक्षित विश्राम की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां सोलर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था भी की गई है, जिससे रात के समय श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

इसी तरह ग्राम खुड़िया में भी तैयार किया गया प्रतीक्षालय शेड कांवड़ यात्रियों के लिए सुविधाजनक पड़ाव साबित होगा।

वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान

कांवड़ यात्रा का मार्ग घने जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों और दूरस्थ गांवों से होकर गुजरता है। हजारों श्रद्धालु कई दिनों तक पैदल यात्रा कर भगवान शिव के मंदिरों तक पहुंचते हैं। लंबे समय से इस मार्ग पर सुरक्षित रात्रि विश्राम और मूलभूत सुविधाओं की कमी बड़ी समस्या बनी हुई थी।

श्रद्धालुओं की इस समस्या को देखते हुए पंचायत विभाग के माध्यम से लमनी और खुड़िया में आधुनिक प्रतीक्षालय शेडों का निर्माण कराया गया है।

स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क सुविधाओं की भी व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए केवल प्रतीक्षालय निर्माण ही नहीं, बल्कि यात्रा मार्ग पर अन्य व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर, पेयजल व्यवस्था और सड़क मरम्मत जैसे कार्यों से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भोलेनाथ के भक्तों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, संस्कृति और जनभावनाओं से जुड़ा बड़ा आयोजन है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विश्राम स्थल, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

श्रद्धालुओं ने जताया आभार

कांवड़ यात्रियों ने कहा कि पहले वनांचल क्षेत्रों में रात गुजारना कठिन होता था। बारिश और अंधेरे के बीच यात्रा करने में काफी परेशानियां आती थीं। लमनी और खुड़िया में बने नए प्रतीक्षालय शेड से अब श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page