जुआ और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 17 आरोपियों पर शिकंजा

पिपरिया पुलिस ने 8 प्रकरणों में 17 लोगों के विरुद्ध की वैधानिक कार्रवाई, जुआरियों से 6,450 रुपये और ताश की 52 पत्ती जब्त
कवर्धा। कबीरधाम जिले में जुआ और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पिपरिया पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ एवं आबकारी अधिनियम के तहत कुल 8 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में 17 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में जुआ खेलने वाले 13 आरोपियों के खिलाफ चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने ग्राम पिपरिया स्थित मुक्तिधाम के पास और ग्राम पालीगुड़ा में रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से कुल 6,450 रुपये नकद और ताश की 52 पत्ती जब्त की गई।
शराब से जुड़े चार मामलों में कार्रवाई
पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत भी चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। ग्राम पिपरिया में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले दुर्गा पिता खेलावन पाटिला निवासी मलहापारा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम कान्हाभैरा में शराब बिक्री के उद्देश्य से शराब रखने के मामले में विसर्जन पिता राजाराम चंद्रवंशी के कब्जे से 1,620 एमएल शराब और 110 रुपये बिक्री की रकम जब्त की गई।
इसी तरह ग्राम खैरझिटी कला में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले प्रकाश पिता अगस चंद्रवंशी तथा ग्राम मोहगांव में लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में द्वारिका पिता सरजू चंद्रवंशी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पंडरिया में भी एक व्यक्ति पर कार्रवाई
इधर, थाना पंडरिया पुलिस ने नया बस स्टैंड के पास लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में तुकेश्वर पिता राम निहोरा निवासी नानापुरी, थाना कुंडा के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ और अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था एवं सामाजिक वातावरण प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन तिवारी एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



