राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जारी किया माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का

माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर विशेष सम्मान, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहे मौजूद

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह विशेष सिक्का जारी किया गया है। सिंधी समाज की इस आध्यात्मिक विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होना समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है। इससे देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों में गौरव की भावना है।
सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि
भारत सरकार द्वारा जारी इस स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस पहल का उद्देश्य माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।
संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। समारोह में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम तथा राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा पूज्य शदाणी दरबार के सदस्य, देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

