दिसंबर तक पूरे करें पुराने निर्माण कार्य, लापरवाही करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश कुमार बंसल ने की निर्माण कार्यों की समीक्षा, दीपावली से पहले श्रमिकों को मजदूरी भुगतान के निर्देश
राजनांदगांव। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने राजनांदगांव में विभागीय निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए पुराने और लंबित कार्यों को दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के कारण बंद पड़े निर्माण कार्यों को जल्द शुरू कर उनमें तेजी लाने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में सचिव ने जिले में स्वीकृत, निर्माणाधीन और लंबित सड़क, पुल-पुलिया तथा भवन निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुणवत्ताहीन काम करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए।
सड़कों के कामों को प्राथमिकता देने के निर्देश
सचिव बंसल ने सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़कों के काम प्राथमिकता से पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों की नियमित समीक्षा करने तथा तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का जल्द निराकरण करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की निगरानी में लापरवाही नहीं बरतने और अनावश्यक विलंब से बचने को कहा।
भवन निर्माण और मरम्मत कार्यों में आएगी तेजी
बैठक में भवनों के निर्माण, मरम्मत और संधारण कार्यों की भी समीक्षा की गई। सचिव ने निर्माणाधीन भवनों में काम की गति बढ़ाने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनके कारणों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया।
दीपावली से पहले श्रमिकों को मिले मजदूरी का भुगतान
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों में लगे सभी श्रमिकों को दीपावली से पहले मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों को समय पर भुगतान मिलना चाहिए और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सचिव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्य नागरिक सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से सीधे जुड़े हैं। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करें। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने तथा विभागीय समन्वय के साथ परियोजनाओं को गति देने के निर्देश दिए।
बैठक में राजनांदगांव कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



