G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया रियायती दर पर शक्कर वितरण का शुभारंभ

भोरमदेव शक्कर कारखाने के 28 हजार से अधिक अंशधारी किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर मिलेगी शक्कर

कवर्धा। हरितालिका तीज और गणेश चतुर्थी के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा में अंशधारी किसानों के लिए रियायती दर पर शक्कर वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

इस योजना के अंतर्गत कारखाने के अंशधारी किसानों को त्योहारी सीजन में मात्र 30 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर 50 kg शक्कर उपलब्ध कराई जाएगी। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने द्वारा अंशधारी किसानों को रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराने का यह लगातार तीसरा वर्ष है।

कारखाने में पिछले वर्ष लगभग पांच हजार नए किसानों ने गन्ने की आपूर्ति की थी। इन किसानों को भी इस वर्ष रियायती शक्कर वितरण योजना का लाभ मिलेगा। इस प्रकार कारखाने से जुड़े कुल 28 हजार से अधिक अंशधारी किसान योजना से लाभान्वित होंगे।

वर्तमान में बाजार में शक्कर की कीमत अपेक्षाकृत अधिक होने के कारण 30 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर किसानों के लिए बड़ी राहत है। तीज और गणेश चतुर्थी जैसे प्रमुख त्योहारों के समय सस्ती दर पर शक्कर उपलब्ध होने से अंशधारी गन्ना किसानों और उनके परिवारों में हर्ष का वातावरण है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कारखाना किसानों की आर्थिक समृद्धि के साथ ही क्षेत्र में रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के गन्ना किसानों से आगामी पेराई सत्र में अधिक से अधिक गन्ना भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा को प्रदाय करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों की सक्रिय भागीदारी से कारखाने की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

रियायती शक्कर वितरण कार्यक्रम किसानों के प्रति शासन की संवेदनशीलता और कृषक कल्याण की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। इस पहल से हजारों किसान परिवारों को त्योहारी अवसर पर प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page