लूट का फरार आरोपी तेलंगाना की स्टोन क्रेशर खदान से गिरफ्तार

पहचान छिपाकर निजामाबाद में रह रहा था आरोपी, कुकदूर पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा; साथी पहले ही गिरफ्तार
कुकदूर/कबीरधाम। लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को कुकदूर पुलिस ने तेलंगाना के निजामाबाद जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद अपनी पहचान छिपाकर एक स्टोन क्रेशर खदान में काम कर रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेलंगाना पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
शराब की बोतल से सिर पर किया था हमला
मामला 22 अप्रैल 2026 का है। पुलिस के अनुसार ग्राम चिंयाडांड निवासी शिकारी बैगा अपनी मोटरसाइकिल से छोटू यादव निवासी बरेण्डा, मध्यप्रदेश और उसके साथी छोटेलाल यादव को ग्राम कुण्डा-दामापुर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जामुनपानी-बंदौरा के बीच जंगल क्षेत्र में दोनों आरोपियों ने चक्कर आने और पेशाब करने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल रुकवा ली।
मोटरसाइकिल रुकते ही दोनों ने पीड़ित से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लूट के इरादे से शराब की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में पीड़ित लहूलुहान हो गया। आरोपी उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर कुकदूर थाने में अपराध क्रमांक 21/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 309(6) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका
पुलिस ने मामले में आरोपी छोटू यादव निवासी ग्राम बरेण्डा, मध्यप्रदेश को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से लूट का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
वहीं दूसरा आरोपी छोटेलाल यादव निवासी ग्राम साल्हेभट्ठी, थाना कुकदूर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
निजामाबाद की खदान में बदल ली पहचान
फरार आरोपी की तलाश के लिए कुकदूर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी तेलंगाना के निजामाबाद में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तत्काल तेलंगाना रवाना हुई। लगातार पतासाजी के बाद आरोपी का ठिकाना कोरटपल्ली, थाना डिचपल्ली, जिला निजामाबाद स्थित श्री वेंकट साईं स्टोन क्रेशर खदान में मिला।
आरोपी घटना के बाद अपनी पहचान छिपाकर इसी खदान में रह रहा था। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल और एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक संदीप पाण्डेय एवं महिला आरक्षक बिमला धुर्वे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

