G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

रात में दुकानों के ताले तोड़ने वाले 8 सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश

चोरी के वारदात को अंजाम देने वाले 04 आरोपी

चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने-बेचने और मध्यस्थता करने वाले 4 अन्य पर भी कार्रवाई; कबीरधाम के अलावा बेमेतरा में भी वारदात कबूली

चोरी का सामान खरीदने वाले 04 आरोपी

बोड़ला/कबीरधाम। रात के समय दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात करने वाले 8 सदस्यीय गिरोह का कबीरधाम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को चोरी की वारदातों में शामिल होने के आरोप में तथा चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और मध्यस्थता में शामिल चार अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। गिरोह ने बोड़ला, पोंडी और सहसपुर लोहारा क्षेत्र के अलावा बेमेतरा जिले में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य रात में किराना सहित अन्य दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुसते और नगदी के साथ सिगरेट, राजश्री सहित अन्य सामान चोरी कर ले जाते थे। चोरी के सामान को छिपाने के बाद उसे अलग-अलग लोगों के माध्यम से खपाया जाता था।

लगातार हो रही चोरियों के बाद शुरू हुई जांच

31 जुलाई और 1 अगस्त की दरम्यानी रात बोड़ला और पोंडी की दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। मामले में थाना बोड़ला में अपराध क्रमांक 89/26 और 90/26 दर्ज कर धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। इसी तरह सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में भी दुकान में चोरी की वारदात सामने आई थी।

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर थाना और संबंधित थानों की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली।

चार मुख्य आरोपी, चार खरीदार और मध्यस्थ

पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले रवि सारथी, लखन निषाद, राहुल सारथी और रिंकू साहू के खिलाफ धारा 305(A), 331(4) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

वहीं चोरी के सामान की खरीद-बिक्री एवं मध्यस्थता में कथित रूप से शामिल एस. सुब्बाराव पात्रों, राहुल दिलदार, शोएब खान और राजू कटले के खिलाफ धारा 317(2) और 317(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

बेमेतरा की मोबाइल दुकान में भी चोरी

पूछताछ के दौरान आरोपी रवि सारथी और राहुल सारथी ने बेमेतरा जिले में एक मोबाइल शॉप में भी चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी बेमेतरा पुलिस को दे दी है। वहां मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

छह मोबाइल समेत चोरी का सामान बरामद

विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सब्बलनुमा लोहे की रॉड, मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन तथा चोरी के सिगरेट और राजश्री के पैकेट सहित अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। चोरी के माल की खरीद-बिक्री में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

साइबर टीम की भी रही अहम भूमिका

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में की गई। एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक एवं उप पुलिस अधीक्षक प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देश में थाना बोड़ला, चौकी पोंडी, थाना सहसपुर लोहारा और साइबर थाना की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

विवेचना में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना बोड़ला प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा, थाना सहसपुर लोहारा प्रभारी मनीष मिश्रा और चौकी पोंडी प्रभारी राकेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

साइबर थाना कबीरधाम के सहायक उप निरीक्षक आशीष सिंह, चंद्रकांत तिवारी, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश पटेल, चुम्मन साहू तथा आरक्षक संदीप सिंह, पूरन दाहिरे, इरफान खान और गज्जू राजपूत का भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page