G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर एक माह चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा, जनसंवाद और जनभागीदारी के कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस बार एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी और 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करना है।

25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास

प्रेसवार्ता में बताया गया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक पद पर अपनी सेवा यात्रा शुरू की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने जनसेवा से राष्ट्रसेवा के मंत्र को आगे बढ़ाया। भाजपा के अनुसार, इसी 25 वर्ष की सेवा और समर्पण यात्रा को जनता के बीच पहुंचाने के लिए इस बार पारंपरिक ‘सेवा पखवाड़ा’ के स्थान पर एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है।

प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता, आवास, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, आत्मनिर्भरता और अन्य क्षेत्रों में हुए कार्यों का उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं से आम लोगों के जीवन में आए बदलावों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

रक्तदान शिविर से होगी अभियान की शुरुआत

17 सितंबर को अभियान की शुरुआत रक्तदान शिविर से होगी। इसमें युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत परिवारों और विशेष रूप से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार स्वरूप दीप जलाए जाएंगे। इसे पिछले 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के प्रतीक के रूप में आयोजित किया जाएगा।

स्कूलों में होंगी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को पिछले 25 वर्षों की सेवा एवं समर्पण और विकसित भारत की परिकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देने की योजना भी है।

नुक्कड़ नाटक के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

‘नमो सेवा: अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को संगीतपूर्ण नाट्य और नुक्कड़ नाटक के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य इन संदेशों को गांव-गांव तक पहुंचाना है।

वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों के सम्मान के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं उनकी माताओं के बीच पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी।

सेवा ज्योति कलश यात्रा और विकसित भारत का संकल्प

7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी। इस दौरान विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी तथा ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। देश के जिला मुख्यालयों सहित करीब 1,000 स्थानों पर सामूहिक संकल्प कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

वडनगर से काशी तक निकलेगी युवा सेवा यात्रा

युवा मोर्चा के माध्यम से वडनगर से बनारस और बनारस से वडनगर तक सेवा यात्रा निकालने की योजना है। यात्रा 10 अलग-अलग टोलियों में होगी और प्रत्येक टोली में करीब 50 युवा शामिल होंगे। यात्रा के दौरान गांवों में चौपाल, आंगनबाड़ी केंद्रों, किसानों और युवा क्लबों के साथ संवाद किया जाएगा।

लगभग 20 दिनों की इस यात्रा के दौरान करीब 10 राज्यों से होकर विभिन्न मार्गों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, जनता से फीडबैक लेना और जनसंवाद करना प्रमुख उद्देश्य होंगे।

‘सेवा: मेरा योगदान’ के तहत श्रमदान की अपील

अभियान के दौरान ‘सेवा: मेरा योगदान’ कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसके तहत आम लोगों से देश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की जाएगी। लगभग 25 अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है।

ब्लॉक स्तर पर लगेंगे ‘सेवा सेतु’ शिविर

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जो लाभार्थी किसी कारण से योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उनके आवेदन लेकर निर्धारित समय-सीमा में लाभ दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर और योजनाओं की जानकारी से जुड़े कैंप भी लगाए जाएंगे।

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ में दिखेगा विकसित भारत का संदेश

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मानव समूहों के माध्यम से मानव रंगोली तैयार की जाएगी। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों, विद्यार्थियों सहित व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है।

युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’

अभियान में युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल्स और कॉरपोरेट इनोवेटर्स को जोड़ने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। इसके लिए शिक्षण संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क और इनक्यूबेशन सेंटरों को जोड़ा जाएगा तथा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। चयनित इनोवेटर्स को राष्ट्रीय स्तर पर लाइव प्रदर्शन, डेमो और युवा संवाद के अवसर मिलेंगे तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने की योजना

अभियान के अंतिम चरण में ‘सुशासन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से पंचायती राज और नगरीय निकायों से जुड़े जनप्रतिनिधियों की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें सम्मानित करने की योजना है। सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री तक की सहभागिता वाला ‘विकसित भारत संकल्प’ कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की योजना है, जिसके लिए देश में 4 से 5 स्थानों का चयन प्रस्तावित है।

‘सबका साथ, सबका विकास’ के संदेश को आगे बढ़ाने का लक्ष्य

प्रेसवार्ता में कहा गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सभी कार्यक्रमों के माध्यम से करोड़ों लोगों तक सेवा, समर्पण और विकसित भारत का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सहभागिता से ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page