G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मंत्रालय, महानदी भवन में ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में यह बात कही। उन्होंने माय भारत की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को मंच से जोड़ने और विभिन्न विभागों की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम से राज्य स्तर तक बनेगा युवा नेटवर्क

मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की भावना के अनुरूप ग्राम से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया। स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, पर्यटन, कौशल विकास, कृषि, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व के अवसर मिलेंगे तो उनकी ऊर्जा का उपयोग समाज और प्रदेश के विकास में बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। डिजिटल डिटॉक्स, सेवा भाव और सामुदायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

माय भारत से जुड़े 2.65 करोड़ युवा

बैठक में बताया गया कि देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा माय भारत प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हैं। छत्तीसगढ़ में भी 6.60 लाख से अधिक युवा इससे जुड़ चुके हैं। माय भारत को युवाओं और सरकार के बीच सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां स्वयंसेवा, कौशल, अनुभव आधारित शिक्षण और नेतृत्व से जुड़े अवसर उपलब्ध हैं।

देशभर में 24,900 से अधिक अनुभव आधारित कार्यक्रमों के जरिए 1.21 लाख युवाओं को जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़ में 233 कार्यक्रमों के माध्यम से 2,389 से अधिक युवाओं ने भाग लिया है।

बस्तर के युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

मुख्यमंत्री साय ने बस्तर के युवाओं को माय भारत से व्यापक स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में यहां के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि माय भारत के माध्यम से बस्तर के युवाओं की प्रतिभा को पहचान और नेतृत्व के नए अवसर मिलेंगे। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, कला और संस्कृति के साथ अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं।

विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग पर जोर

मुख्यमंत्री ने विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग को युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। इसके माध्यम से खेल, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कौशल विकास, समाज कल्याण, नगरीय प्रशासन, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।

बैठक में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, युवा कनेक्ट, यूथ आइकन, विकसित भारत पदयात्रा और ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ जैसी गतिविधियों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर माय भारत की वालंटियर अदिति ने मुख्यमंत्री को उनके द्वारा तैयार ट्राइबल आर्ट का छायाचित्र भेंट किया। मुख्यमंत्री ने उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, माय भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित राज्य एवं जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page